// प्रेस नोट //

जिला शाजापुर
दिनांक : 05 सितम्बर 2026

अकोदिया पुलिस को मिली बड़ी सफलता

वृद्ध महिला से चोरी की गई सोने की चेन महज 03 दिनों में बरामद

दिनांक 02.09.2026 को फरियादी दिनेश पिता वंशीलाल सोनी, निवासी अकोदिया द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 02.09.2026 को करीब 09:25 बजे उनकी माताजी कमला बाई, उम्र 82 वर्ष, जो लकवे की बीमारी से पीड़ित हैं, फोटोकॉपी की दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनकी माताजी के पास आए और 500 रुपये के छुट्टे कराने के बहाने बातचीत करते हुए उनके पास रखे रुपये निकालने का प्रयास करने लगे।

फरियादी के अनुसार, दोनों व्यक्तियों ने उनकी माताजी को बातों में उलझाकर उनके पर्स से रुपये निकालने का प्रयास किया। घटना के बाद जब उनकी माताजी ने पर्स चेक किया तो उसमें रखी 22 ग्राम वजन की पुरानी इस्तेमाली सोने की चेन, जिसकी कीमत करीब 2,50,000 रुपये है, चोरी होना पाया गया।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना अकोदिया में अपराध क्रमांक 182/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में, श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री धनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शुजालपुर श्री नितेश देशमुख के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान एवं तलाश के प्रयास किए गए।

मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि उक्त हुलिए के व्यक्ति भोपाल क्षेत्र में घूमते हुए दिखाई दिए हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल भोपाल रवाना होकर संदिग्धों की तलाश की गई।

तलाश के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस द्वारा उसका पीछा किया गया। भागने के दौरान संदिग्ध ने अपनी जेब से पीले रंग की पॉलीथिन फेंकी तथा अंधेरे एवं बारिश का फायदा उठाकर मौके से भाग गया।

पुलिस टीम द्वारा उक्त पॉलीथिन को चेक किया गया, जिसमें सोने की चेन मिली। चेन के संबंध में पूछताछ एवं तस्दीक करने पर चोरी गई चेन होने की पुष्टि हुई।

इसके पश्चात पुलिस द्वारा आरोपीगण के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। जांच के दौरान आरोपीगण के नाम 1. अकबर पिता लीलाधर अली, 2. मोहसिन निवासीगण रेलवे स्टेशन, ईंटनी डेरा, भोपाल होना ज्ञात हुआ। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

चोरी की गई संपत्ति बरामद

जप्त मशरूका :
➡️ 01 नग सोने की चेन
➡️ वजन : 22 ग्राम
➡️ अनुमानित कीमत : लगभग ₹2,50,000/-

मामले में आरोपीगण की पहचान करने में सीसीटीवी फुटेज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा शाजापुर जिले के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज एवं संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अपराध में श्री गोपाल लाहोटी निवासी अकोदिया के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से आरोपीगण की पहचान की गई जिनका शाजापुर पुलिस द्वारा फूल माला श्रीफल व साल देकर आभार व्यक्त किया गया एवं जनता से अपने निवास स्थान एवं प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई।”

पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका

उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह राजपूत, उनि. तेजप्रकाश बाहेर, थाना शुजालपुर मंडी, का. 712 भूपेन्द्र, थाना अकोदिया, प्रआर. 158 आशीष वर्मा, थाना शुजालपुर मंडी, प्रआर. 55 विवेक पुरी, थाना कालापीपल, आर. 545 अंकित, थाना अकोदिया, आर. 1004 राजेन्द्र मीणा, आर. 1532 जितेन्द्र सीकरवार, थाना निशातपुरा, भोपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जनता से अपील

पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि अपने निवास स्थान एवं प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं, ताकि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में आरोपियों की पहचान एवं घटना के शीघ्र खुलासे में पुलिस को सहायता मिल सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content