प्रेस नोट

जिला शाजापुर
दिनांक : 20 अगस्त 2026

 

विशेष महिला पेट्रोलिंग दल का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया

आगामी त्यौहार रक्षाबंधन के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा नवीन पहल की गई है। इसके तहत लगभग 25 महिला पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को शाजापुर नगर के विभिन्न प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पेट्रोलिंग हेतु तैनात किया गया है।

महिला पुलिसकर्मियों द्वारा बड़ा चौक, छोटा चौक, सराफा बाजार, सोमवारिया, भूतेश्वर पाइंट, राधा टॉकीज चौराहा, बस स्टैंड, चाट चौपाटी एवं मगरिया सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। इसका उद्देश्य बाजार एवं सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

विशेष महिला पेट्रोलिंग दल का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय, होमगार्ड कमांडेंट श्री विक्रम मालवीय, रक्षित निरीक्षक शाजापुर श्रीमती वंदना सिंह, थाना प्रभारी यातायात श्रीमती मोनिका ठाकुर, थाना प्रभारी लालघाटी श्री अर्जुन मुजाल्दे, थाना प्रभारी कोतवाली श्री संतोष वाघेला, सूबेदार श्रीमती दीपिका डाबर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु शाजापुर पुलिस की अपील

त्यौहार के दौरान ऑनलाइन खरीदारी, डिजिटल भुगतान एवं सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग को देखते हुए शाजापुर पुलिस द्वारा आमजन को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की गई है।

साइबर फ्रॉड से बचने के लिए ध्यान रखें—

– किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
– किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही संदिग्ध ऐप डाउनलोड करें।
– KYC अपडेट, बैंक खाता बंद होने, बिजली बिल, इनाम/लॉटरी या किसी रिश्तेदार के नाम पर पैसे मांगने वाले फोन/मैसेज से सावधान रहें।
– किसी को भी स्क्रीन शेयर या रिमोट एक्सेस ऐप के माध्यम से अपने मोबाइल का नियंत्रण न दें।
– UPI के माध्यम से पैसे प्राप्त करने के लिए PIN डालने की आवश्यकता नहीं होती। PIN डालने का अर्थ सामान्यतः भुगतान करना है।
– ऑनलाइन खरीदारी करते समय केवल विश्वसनीय वेबसाइट/ऐप का उपयोग करें।
– सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए फ्रेंड रिक्वेस्ट, वीडियो कॉल एवं संदिग्ध मैसेज से सावधान रहें।
– साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें तथा संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचित करें।
– साइबर अपराध की सूचना देने में जितनी जल्दी कार्रवाई होगी, ठगी की राशि को रोकने/वापस प्राप्त करने की संभावना उतनी अधिक रहती है।

शाजापुर पुलिस द्वारा त्यौहार के दौरान आमजन से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

 

 

keyboard_arrow_up
Skip to content