//प्रेस नोट//
जिला शाजापुर
दिनांक : 20 अगस्त 2026
एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना हेतु शाजापुर पुलिस को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
एडीपीओ श्री प्रतीक श्रीवास्तव ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एनडीपीएस एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों एवं विवेचना की बारीकियों से कराया अवगत
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश की नारकोटिक्स शाखा द्वारा जारी निर्देशों के पालन में जिला शाजापुर पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रकरणों की गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी विवेचना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एडीपीओ श्री प्रतीक श्रीवास्तव द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एनडीपीएस एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों तथा प्रकरणों की विवेचना के दौरान अपनाई जाने वाली विधिक प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एनडीपीएस एक्ट की धारा 52 के अंतर्गत की जाने वाली कार्रवाई, घटना स्थल पर वीडियोग्राफी, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्यों के संकलन एवं सुरक्षित संधारण, साक्ष्यों की वैधानिकता तथा न्यायालयीन प्रक्रिया में उनके प्रभावी उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
एडीपीओ श्री प्रतीक श्रीवास्तव द्वारा अधिकारियों को एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में विवेचना के दौरान आवश्यक कानूनी प्रावधानों का अक्षरशः पालन करने, प्रत्येक कार्रवाई का विधिवत दस्तावेजीकरण करने तथा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में की गई प्रत्येक कार्रवाई नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से हो, जिससे प्रकरणों की विवेचना मजबूत हो तथा न्यायालय में अभियोजन पक्ष को प्रभावी रूप से अपना पक्ष रखने में सहायता मिल सके।
जिला शाजापुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर नवीनतम कानूनी प्रावधानों एवं विवेचना की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
शाजापुर पुलिस मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना के लिए प्रतिबद्ध है।





