// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 18 नवम्बर 2026
थाना सुंदरसी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 24 घंटे में मोटरसाइकिल चोरी का किया पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार कर ₹95,000 कीमत की मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारणेकर तथा SDOP बेरछा डॉ. नागेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में जिले में चोरी संबंधी अपराधों में आरोपियों की पतारसी एवं चोरी गए मशरूका की बरामदगी हेतु प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
*घटना का विवरण—* फरियादी अजय पिता मनोहर बलई, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम सनोड, थाना खातेगांव, जिला देवास द्वारा दिनांक 17.11.2026 को थाना सुंदरसी पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 16.11.2026 को प्रातः लगभग 09:00 बजे वह अपनी होंडा साइन 125 सीसी मोटरसाइकिल क्रमांक MP09 MP 8036 से ग्राम सनोड से शाजापुर जा रहा था। रास्ते में ग्राम मकोड़ी स्थित नाश्ते की दुकान पर मोटरसाइकिल खड़ी कर चाय पीने चला गया। वापस आने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी, जिसकी कीमत लगभग ₹95,000 थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सुंदरसी में अपराध क्रमांक 223/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
*पुलिस की कार्रवाई—* घटना की गंभीरता को देखते हुए SDOP बेरछा डॉ. नागेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुंदरसी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी एवं चोरी गई मोटरसाइकिल की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मकोड़ी से चोरी की गई मोटरसाइकिल को ग्राम सुंदरसी का वारिस अली कहीं ले जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी वारिस अली को चोरी गई मोटरसाइकिल सहित पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने ग्राम मकोड़ी से होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा आरोपी *वारिस अली पिता तारिक अली, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम सुंदरसी* के कब्जे से चोरी गई होंडा साइन मोटरसाइकिल, कीमत लगभग ₹95,000, बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
*सराहनीय कार्य—* उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केशर राजपूत, उपनिरीक्षक केदार पटेल, प्रधान आरक्षक 157 गोविंद मुजाल्दे, प्रधान आरक्षक 379 राजमल बामनिया, आरक्षक 134 वृंदावन, आरक्षक 744 रविन्द्र सिंह कुशवाह एवं महिला आरक्षक 374 शिवानी सुमरा की सराहनीय भूमिका रही।






