/ प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 15 सितम्बर 2026
मक्सी पुलिस को मिली बड़ी सफलता
सघन चेकिंग अभियान के दौरान चोरी के संदेह में ₹3.02 लाख का मशरूका जप्त
श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय, जिला शाजापुर, श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय, जिला शाजापुर श्री घनश्याम मालवीय एवं श्रीमान अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनुभाग बेरछा श्री नागेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मदन इवने द्वारा रोड गश्त, रात्रि गश्त एवं प्रभात गश्त के दौरान आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की आवश्यक रूप से चेकिंग करने हेतु निर्देशित किया गया है।
इसी क्रम में दिनांक 14/09/2026 को रात्रि गश्त टीम द्वारा शाम करीब 18:40 बजे थाना मक्सी से मय फोर्स रवाना होकर रात्रि गश्त की जा रही थी। टीम द्वारा मक्सी जलालपुरा बायपास स्थित हाईवे रोड पर लगी लाइटों की रोशनी में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान करीब 19:20 बजे शाजापुर तरफ से एक मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी, जिस पर तीन व्यक्ति सवार थे। मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी तथा वह काले रंग की होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल थी। पुलिस टीम द्वारा मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन मोटरसाइकिल चालक ने मोटरसाइकिल को वापस तेज गति से शाजापुर तरफ घुमाकर भागने का प्रयास किया।
तीनों व्यक्तियों का इस प्रकार भागना संदेहास्पद प्रतीत होने पर पुलिस टीम द्वारा उनका पीछा किया गया। मक्सी हाईवे स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी तथा अंधेरे का लाभ उठाकर जंगल की ओर भाग गए।
पुलिस टीम द्वारा मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर उसके हैंडल के बाईं तरफ एक सफेद रंग का झोला लटका हुआ मिला। हमराह फोर्स एवं पंचानों के समक्ष झोले की चेकिंग करने पर उसमें सफेद रंग की चांदी जैसी धातु के पुराने इस्तेमाली जेवरात मिले, जिनमें—
– 28 नग बिछिया
– 17 नग पायल
– 01 छोटी चूड़ी
– 01 चांदी का नारियल, वजन करीब 800-900 ग्राम, कीमत करीब ₹2,00,000/-
– 01 कटर
– 01 बड़ा स्क्रूड्राइवर
– 01 लोहे का एडजेस्टेबल पाना, कीमत करीब ₹2,000/-
– 01 होंडा यूनिकॉर्न काले रंग की मोटरसाइकिल, कीमत करीब ₹1,00,000/-
मोटरसाइकिल एवं उक्त सामग्री के चोरी का होने के संदेह के कारण पुलिस द्वारा धारा 106 BNSS एवं धारा 305(C) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उक्त मशरूका जप्त कर विवेचना में लिया गया।
इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल ₹3,02,000/- (तीन लाख दो हजार रुपये) कीमत का मशरूका जप्त किया गया।
सराहनीय भूमिका
उक्त सराहनीय कार्य में निरीक्षक मदन इवने, उप निरीक्षक मनोहर चौहान, सउनि संतोष रघुवंशी, प्र.आर. 697 आनन्द शर्मा, प्र.आर. 82 ध्रुवनारायण यादव, आर. 181 कमल परमार एवं ड्राइवर 112 अजय सिसोदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






