// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 22 अक्टूबर 2026
शहीद दिवस पर अमर शहीद श्री शिवदयाल सिंह चौहान रामगढ़ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अर्पित किए श्रद्धासुमन
पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने शहीद के बलिदान को किया नमन, विद्यार्थियों को देशसेवा के लिए प्रेरित किया।
शहीद दिवस के अवसर पर दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को बालकृष्ण शर्मा नवीन महाविद्यालय, शाजापुर में स्थापित अमर शहीद श्री शिवदयाल सिंह चौहान रामगढ़ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला उपस्थित रहीं। साथ ही महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनू गिडवानी एवं विशेष अतिथि सेवानिवृत्त टी.आई. शाजापुर श्री अवधेश कुमार शेषा सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं नागरिकगण मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को शहीद दिवस के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस वर्ष दशहरा अवकाश के कारण 21 अक्टूबर को सांकेतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 22 अक्टूबर को पुनः कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने अमर शहीद श्री शिवदयाल सिंह चौहान रामगढ़ की प्रतिमा पर तिलक लगाकर, दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मातृभूमि के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीद कभी भुलाए नहीं जाते, बल्कि वे सदैव अमर रहते हैं और हमारी स्मृतियों में जीवित रहते हैं।
उन्होंने कहा कि शहीद श्री शिवदयाल सिंह चौहान ने मात्र 40 वर्ष की आयु में देशसेवा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी सेवानिवृत्ति में केवल दो माह शेष थे, इसके बावजूद उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) का विकल्प न चुनकर देशसेवा को प्राथमिकता दी। उनका बलिदान न केवल शाजापुर, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। एक जवान की शहादत केवल उसका व्यक्तिगत बलिदान नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार का त्याग भी है। देशहित में दिया गया ऐसा सर्वोच्च बलिदान शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनू गिडवानी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वीर जवानों की शहादत को स्मरण करना तथा नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। दशहरा अवकाश के कारण इस वर्ष विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु 22 अक्टूबर को कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को ऊर्जा और उत्साह से परिपूर्ण बताते हुए कहा कि युवा शक्ति देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।
इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. राजवीर सिंह राठौर ने अमर शहीद श्री शिवदयाल सिंह चौहान रामगढ़ के जीवन एवं उनके बलिदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों ने “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ अमर शहीद को नमन किया।
कार्यक्रम में शहीद श्री चौहान के ज्येष्ठ सुपुत्र श्री विजेंद्र सिंह रामगढ़ ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में तन, मन एवं धन से समर्पित होकर देशहित में कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर शहीद श्री चौहान के कनिष्ठ सुपुत्र श्री जितेंद्र सिंह चौहान, श्री तेज सिंह, पूर्व सरपंच श्री संतोष सिंह लड़ावद, श्री राजपाल सिंह निपानिया सहित अन्य नागरिकगण, महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







