// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 06 अक्टूबर 2026

शाजापुर साइबर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई

ऑपरेशन वज्र के तहत साइबर अपराधों में प्रयुक्त 92 मोबाइल नंबर एवं 161 IMEI नंबर कराए गए ब्लॉक

पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में शाजापुर साइबर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन वज्र के तहत NCRP (National Cyber Crime Reporting Portal) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर साइबर अपराधों में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों एवं मोबाइल उपकरणों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

साइबर अपराधियों द्वारा ठगी एवं अन्य साइबर अपराधों में प्रयुक्त किए जा रहे 92 मोबाइल नंबर तथा 161 IMEI नंबर को संबंधित प्रक्रिया के तहत दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के माध्यम से बंद (ब्लॉक) कराया गया, जिससे साइबर अपराधियों द्वारा इन मोबाइल नंबरों एवं उपकरणों का पुनः साइबर अपराध में उपयोग किए जाने पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली।

इसी क्रम में सितंबर माह के दौरान साइबर ठगी की राशि को NCRB पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराया गया। इसके पश्चात नियमानुसार माननीय न्यायालय के आदेश एवं MRM पोर्टल के माध्यम से कुल ₹6,70,200/- की राशि पीड़ितों को वापस (रिफंड) कराई गई।

सितंबर माह की कार्रवाई में एक नजर में—

कुल होल्ड राशि : ₹7,33,285/-

कुल रिफंड राशि : ₹6,70,200/-

राशि होल्ड कराने का माध्यम : NCRB पोर्टल

राशि वापस कराने का माध्यम : माननीय न्यायालय के आदेश एवं MRM पोर्टल

साथ ही CEIR पोर्टल (Central Equipment Identity Register) के माध्यम से चोरी/गुम एवं साइबर अपराध में प्रयुक्त कुल 130 मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत लगभग ₹20 लाख, बरामद कर संबंधित फरियादियों को वापस लौटाए गए।

शाजापुर साइबर पुलिस द्वारा NCRP पोर्टल पर प्राप्त साइबर अपराध संबंधी शिकायतों का त्वरित परीक्षण कर ठगी की राशि होल्ड कराने, पीड़ितों को राशि वापस कराने, साइबर अपराध में प्रयुक्त मोबाइल नंबर एवं IMEI नंबर ब्लॉक कराने तथा चोरी/गुम मोबाइल फोन की बरामदगी की कार्रवाई लगातार की जा रही है। यह कार्रवाई ऑपरेशन वज्र के तहत साइबर अपराधियों के नेटवर्क को बाधित करने तथा आमजन को साइबर ठगी एवं अन्य ऑनलाइन अपराधों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से की जा रही है।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में साइबर प्रभारी प्रधान आरक्षक विकास तिवारी, आरक्षक अनिल सक्सेना, आरक्षक राजेश दांगी, आरक्षक घनश्याम राजपूत, आरक्षक रोहित बिलावलिया एवं महिला आरक्षक उषा यादव की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

शाजापुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए ऑपरेशन वज्र के तहत लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

शाजापुर पुलिस की आमजन से अपील

यदि आप किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध का शिकार होते हैं, तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा NCRP पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने तथा ठगी की राशि को होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है।

शाजापुर पुलिस की अपील — “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”

keyboard_arrow_up
Skip to content