प्रेस नोट
जिला शाजापुर
दिनांक : 30 जून 2026

साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक एवं सतर्क बनाने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस द्वारा आज बड़ा चौक, शाजापुर में “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नागरिकों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की प्रभावी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्री घनश्याम मालवीय ने उपस्थित नागरिकों को “सेफ क्लिक 2.0” अभियान की जानकारी देते हुए साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें तथा ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सीवीवी, यूपीआई पिन अथवा अन्य बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें।
“सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत बड़ा चौक से नई सड़क होते हुए बस स्टैंड तक साइबर जागरूकता रथ के साथ एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में लगभग 150 विद्यार्थियों, आम नागरिकों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के माध्यम से साइबर एवं यातायात सुरक्षा संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्री घनश्याम मालवीय, रक्षित निरीक्षक श्रीमती वंदना सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली श्री संतोष वाघेला, थाना प्रभारी लालघाटी श्री अर्जुन सिंह मुजाल्दे, थाना प्रभारी अजाक श्री रामचंद्र नागर, थाना यातायात प्रभारी श्री सौरभ शुक्ला, साइबर प्रभारी प्रधान आरक्षक विकास तिवारी एवं सायबर टीम,पत्रकार बंधु तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
शाजापुर पुलिस की अपील
“सेफ क्लिक — साइबर अपराध से बचाव ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।”





