// प्रेस नोट //
शाजापुर पुलिस
जिला शाजापुर
दिनांक : 26 अक्टूबर 2026
सुन्दरसी पुलिस को मिली बड़ी सफलता
अवैध विस्फोटक पदार्थ के विरुद्ध कार्रवाई, दो आरोपियों से 205.6 किलोग्राम पोटाश व सल्फर एवं 175 नग गचकुंडी जब्त
पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में जिले में अवैध विस्फोटक पदार्थ, पटाखों एवं कार्बाइड गन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र तारणेकर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बेरछा डॉ. नागेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में थाना सुन्दरसी पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के कब्जे से कुल 205.6 किलोग्राम पोटाश व सल्फर तथा 175 नग गचकुंडी जब्त की गई।
कार्रवाई का विवरण
थाना सुन्दरसी पुलिस द्वारा थाना स्तर पर टीम गठित कर मुखबिर सूचना के आधार पर राहगीर पंचों की उपस्थिति में आरोपी सलमान खां पिता मुबारिक खां, उम्र 22 वर्ष, निवासी बजरंग मोहल्ला, सुन्दरसी के निवास की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के मकान के एक कमरे से अवैध रूप से रखा 20 किलोग्राम पोटाश, 01 किलोग्राम सल्फर एवं 25 नग गचकुंडी बरामद हुई। उक्त विस्फोटक सामग्री रहवासी क्षेत्र में बिना अनुज्ञप्ति के विक्रय हेतु रखी गई थी, जिससे मानव जीवन एवं सार्वजनिक सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था।
पुलिस टीम द्वारा पंचों एवं हमराह बल की उपस्थिति में कुल 21 किलोग्राम पोटाश व सल्फर तथा 25 नग गचकुंडी, जिसकी कुल कीमत ₹9,070 है, विधिवत जब्त कर आरोपी सलमान खां को गिरफ्तार किया गया।
दूसरे आरोपी के कब्जे से भी विस्फोटक सामग्री जब्त
दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को आरोपी सलमान खां से पूछताछ के दौरान प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस टीम आरोपी सलाउद्दीन खां पिता कमरुद्दीन खां, निवासी बेरछा के निवास पर पहुंची। तलाशी के दौरान उसके घर से 184.6 किलोग्राम पोटाश व सल्फर तथा 150 नग गचकुंडी बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत ₹66,920 है। पुलिस द्वारा उक्त सामग्री को विधिवत जब्त कर आरोपी सलाउद्दीन खां को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
जब्त सामग्री का विवरण
– पोटाश एवं सल्फर : कुल 205.6 किलोग्राम
– गचकुंडी : कुल 175 नग
– जब्त सामग्री की कुल कीमत : ₹75,990
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केशर राजपूत, उप निरीक्षक केदार पटेल, उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार घनघरिया, प्रधान आरक्षक 157 गोविन्द मुजाल्दे, प्रधान आरक्षक 379 राजमल बामनिया, प्रधान आरक्षक 627 अनिल पेठारी, आरक्षक 134 वृन्दावन, आरक्षक 322 माखन, आरक्षक 130 महेश यादव, आरक्षक 744 रविन्द्र सिंह कुशवाह एवं महिला आरक्षक 374 शिवानी सुमरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






