// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 12 सितम्बर 2026
एन.डी.पी.एस. एक्ट के प्रकरणों में गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत विवेचना तथा साक्ष्य संकलन हेतु पुलिस अधिकारियों को माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शाजापुर श्री आनंद कुमार तिवारी द्वारा दिया गया विशेष प्रशिक्षण
एन.डी.पी.एस. एक्ट के प्रकरणों में गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत विवेचना तथा साक्ष्य संकलन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 12.09.2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, शाजापुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शाजापुर श्री आनंद कुमार तिवारी द्वारा अपने व्याख्यान में एन.डी.पी.एस. एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों, विवेचना प्रक्रिया एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने तथा न्यायालय में परीक्षण के दौरान आवश्यक तथ्यों के संबंध में प्रशिक्षण में उपस्थित पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को समझाइश दी गई।
प्रशिक्षण में मुख्यतः एन.डी.पी.एस. एक्ट के प्रकरणों की वैधानिक एवं वैज्ञानिक विवेचना, तथा विवेचना के दौरान जप्ती कार्यवाही, सीलिंग, सैम्पलिंग प्रक्रिया एवं दस्तावेजीकरण में रखी जाने वाली सावधानियों के संबंध में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शाजापुर द्वारा अपने संबोधन में बताया गया।
साथ ही, एन.डी.पी.एस. एक्ट की महत्वपूर्ण धाराओं तथा घटनास्थल से लेकर न्यायालय में अभियोजन होने तक Chain of Custody को सुरक्षित रखने के संबंध में विशेष रूप से माननीय न्यायाधीश महोदय द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को बताया गया।
उक्त प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करना था, जिसमें विवेचना अधिकारियों को कानून के अनुरूप निष्पक्ष एवं साक्ष्य आधारित विवेचना करने के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमति प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनुभाग शाजापुर श्री कीर्ति बघेल, उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्री अजय मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनुभाग बेरछा श्री एन.पी.एस. चौहान, थाना प्रभारी कोतवाली श्री संतोष वाघेला , थाना प्रभारी मक्सी श्री मदन इवने, थाना प्रभारी लालघाटी अर्जुन मुजाल्दे, थाना प्रभारी मो.बड़ोदिया श्रीमति मनीषा शर्मा , थाना प्रभारी सलसलाई जनक सिंह रावत, थाना प्रभारी शुजालपुर मंडी श्री शिव कुमार यादव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






