प्रेस नोट

जिला शाजापुर
दिनांक : 28 जून 2026

I4C गृह मंत्रालय के MRM (Money Restoration Module) पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी के पीड़ितों के 37 खातों में लगभग ₹1.16 लाख की राशि कराई गई रिफंड

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के I4C (Indian Cyber Crime Coordination Centre), नई दिल्ली द्वारा संचालित MRM (Money Restoration Module) पोर्टल के पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत साइबर अपराध के पीड़ितों के बैंक खातों में होल्ड/लीन की गई राशि को त्वरित रूप से वापस दिलाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस संबंध में राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।

उक्त निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्री यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में शाजापुर पुलिस की साइबर टीम एवं जिले के समस्त पुलिस थानों द्वारा समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए MRM पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी के पीड़ितों के 37 खातों में कुल ₹1,16,727 (एक लाख सोलह हजार सात सौ सत्ताईस रुपये) की राशि सफलतापूर्वक रिफंड कराई गई।

यह पहल साइबर अपराध के पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शाजापुर पुलिस द्वारा लगातार साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

शाजापुर पुलिस की आमजन से अपील

यदि आप किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत दर्ज होने से ठगी गई राशि को होल्ड कर पीड़ित को वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

शाजापुर पुलिस की अपील — “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”

keyboard_arrow_up
Skip to content