// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 31 जुलाई 2026
थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता, सामूहिक दुष्कर्म के ₹10,000 के इनामी आरोपी सहित तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
शाजापुर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए ₹10,000 के इनामी मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण :
दिनांक 15.07.2026 को फरियादिया द्वारा थाना कोतवाली, जिला शाजापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिग पुत्री दिनांक 15.07.2026 की सुबह लगभग 03:00 बजे घर से कहीं चली गई है। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 412/2026, धारा 140(3) बी.एन.एस. के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान हुआ गंभीर अपराध का खुलासा
पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शाजापुर श्री अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्री संतोष वाघेला के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
प्रकरण दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने गुमशुदा पीड़िता को सकुशल दस्तयाब किया। पीड़िता ने अपने कथनों में बताया कि एक अज्ञात ट्रक चालक उसे बहला-फुसलाकर अपने ट्रक में बैठाकर ले गया तथा ट्रक में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे पचौर के आगे अपने दो साथियों के पास छोड़कर चला गया, जहां दोनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता के कथनों के आधार पर प्रकरण में बी.एन.एस. की धारा 70(1) एवं 115(2) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं का इजाफा किया गया।
सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुँची पुलिस
पुलिस टीम ने पीड़िता द्वारा बताए गए मार्ग के अनेक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया तथा बस चालकों एवं अन्य व्यक्तियों से पूछताछ करते हुए जिला राजगढ़ के पचौर क्षेत्र में उस स्थान की पहचान की, जहां वारदात को अंजाम दिया गया था।
पीड़िता की निशानदेही पर दिनांक 18.07.2026 को आरोपी दिनेश दांगी एवं बाबू दांगी, निवासी जिला राजगढ़, को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उनका पूर्व परिचित आयशर ट्रक चालक पीड़िता को उनके पास छोड़कर गया था।
आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर थाना कोतवाली पुलिस एवं शाजापुर साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से मुख्य आरोपी आयशर ट्रक चालक विक्रम पाल पिता ईश्वर पाल का पता लगाकर उसे हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी को उसके आयशर ट्रक सहित शाजापुर लाया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्य आरोपी पर ₹10,000 का इनाम घोषित था, जिसे गिरफ्तार कर पुलिस ने प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा किया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली के थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष वाघेला, उपनिरीक्षक राहुल पोरवाल, प्रधान आरक्षक प्रमोद नागर, प्रधान आरक्षक राधिका सक्सैना, आरक्षक शिशुपाल गुर्जर, आरक्षक हेमराज एवं शाजापुर साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक विकाश तिवारी एवं आरक्षक घनश्याम राजपूत , आरक्षक राजेश दांगी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।






