// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक: 28 जुलाई 2026
“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शाजापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
▶️ पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 28 जुलाई 2026 को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शाजापुर में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने विद्यार्थियों, को संबोधित करते हुए नशे के सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने सभी को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, गांव और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा, “नशा न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला करता है, बल्कि पूरे परिवार को भी प्रभावित करता है। स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए युवाओं को नशे से दूरी बनानी ही होगी।”
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को पान-गुटखा, तंबाकू, सिगरेट, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शाजापुर पुलिस की अपील
शाजापुर पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।






