// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 30 जुलाई 2026

महज 15 घंटे में ब्लैकमेल, धोखाधड़ी एवं सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को लालघाटी पुलिस ने किया गिरफ्तार, ₹4,46,300 की मशरूका भी जब्त

पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शाजापुर श्री अजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना लालघाटी पुलिस ने ब्लैकमेल, धोखाधड़ी, धमकी एवं सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 15 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आरोपी के कब्जे से ₹4,46,300 की मशरूका भी जब्त की गई।

दिनांक 29.07.2026 को काशीनगर निवासी एक पीड़िता द्वारा थाना लालघाटी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर धोखाधड़ी की, जान से मारने की धमकी दी तथा सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। साथ ही अन्य दो महिलाओं के साथ भी छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई। रिपोर्ट के आधार पर थाना लालघाटी में अपराध क्रमांक 160/2026 पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान ग्राम बड़ावदा स्थित आरोपी के घर से ब्लैकमेल एवं छलपूर्वक प्राप्त की गई राशि बरामद की गई तथा लगातार तलाश के बाद आरोपी साबिर उर्फ राजू शाह (उम्र 44 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ावदा, थाना बड़ावदा, जिला उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ब्लैकमेल एवं धोखाधड़ी से प्राप्त लगभग ₹90,000 मूल्य की स्कूटी, एक मोबाइल फोन, पीड़िता का ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं। कुल ₹4,46,300 की मशरूका जब्त की गई है। आरोपी से उसके अन्य साथियों एवं अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अर्जुन सिंह मुजाल्दे, उप निरीक्षक अंकित इटावदिया, उप निरीक्षक हेमंत पटेल, प्रधान आरक्षक जसवंत जाटव, प्रधान आरक्षक चंद्रपाल जाट, आरक्षक निलेश नागवंशी, आरक्षक भारत सिंह एवं महिला आरक्षक सुनीता राजपूत एवं साइबर सेल आरक्षक अनिल सक्सेना एवं आरक्षक घनश्याम राजपूत की विशेष सराहनीय भूमिका रही।

keyboard_arrow_up
Skip to content