// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 29 जुलाई 2026
राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश पुलिस को मिला “Institutional Performance Award”, उत्कृष्ट पासपोर्ट सत्यापन कार्य में शाजापुर जिले के सराहनीय प्रदर्शन पर पुलिस महानिदेशक महोदय का प्रशंसा-पत्र
पुलिस मुख्यालय स्तर पर प्रभावी पर्यवेक्षण एवं समन्वय के फलस्वरूप मध्यप्रदेश पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर “Institutional Performance Award for State Police” प्राप्त हुआ है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट पुलिस सत्यापन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों की समीक्षा के आधार पर शाजापुर जिले द्वारा 98 प्रतिशत प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किए जाने पर पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाणा द्वारा तत्कालीन पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्री यशपाल सिंह राजपूत को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर जिले के उत्कृष्ट कार्य की सराहना की गई है।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान प्रदेश में किए गए पासपोर्ट पुलिस सत्यापन कार्य की समीक्षा के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को सम्मानित किया गया है। इस क्रम में शाजापुर पुलिस ने निर्धारित समय-सीमा में 98 प्रतिशत पासपोर्ट सत्यापन प्रकरणों का समयसीमा में सफलतापूर्वक निराकरण कर प्रदेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों में अपना स्थान बनाया है।
पुलिस महानिदेशक ने अपने संदेश में उल्लेख किया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान प्रदेश में लगभग 3.35 लाख पासपोर्ट पुलिस सत्यापन प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से लगभग 2.60 लाख प्रकरणों का 15 दिवस की निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण किया गया। इस अवधि में शाजापुर सहित प्रदेश के चुनिंदा जिलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें शाजापुर द्वारा 98 प्रतिशत प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया गया।
तत्कालीन पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत के नेतृत्व में प्राप्त इस उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए वर्तमान पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में भी शाजापुर पुलिस द्वारा पासपोर्ट सत्यापन सहित समस्त नागरिक सेवाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ निरंतर किया जा रहा है। शाजापुर पुलिस भविष्य में भी आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।





