// प्रेस नोट //

जिला शाजापुर
दिनांक : 31 अगस्त 2026

38 एवं 39 वर्षों की गौरवपूर्ण पुलिस सेवा के बाद हुए सेवानिवृत्त

उपनिरीक्षक बनेसिंह नागर एवं कैलाश नारायण यादव को पुलिस विभाग ने दी भावभीनी विदाई

शाजापुर। पुलिस विभाग में लंबे समय तक कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएँ देने वाले उपनिरीक्षक श्री बनेसिंह नागर एवं उपनिरीक्षक श्री कैलाश नारायण यादव के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर आज दिनांक 31 अगस्त 2026 को पुलिस विभाग द्वारा भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों अधिकारियों की दीर्घकालीन सेवाओं की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

उपनिरीक्षक श्री बनेसिंह नागर ने लगभग 38 वर्षों तथा उपनिरीक्षक श्री कैलाश नारायण यादव ने लगभग 39 वर्षों तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। अपने सेवाकाल के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण का परिचय दिया तथा विभाग की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

विदाई समारोह के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के सेवाकाल एवं उनके द्वारा किए गए कार्यों को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए सेवानिवृत्ति के पश्चात नए जीवन की शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्री घनश्याम मालवीय, थाना प्रभारी अजाक श्री रामचन्द्र नागर, पुलिस कार्यालय का समस्त स्टाफ, अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम आत्मीय एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ कीं।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content