// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 20 जुलाई 2026
अपराधियों में दहशत : रातभर चली शाजापुर पुलिस की प्रभावी कॉम्बिंग गश्त
300 से अधिक पुलिसकर्मी मैदान में उतरे, अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए शाजापुर पुलिस विशेष अभियानका
पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय के मार्गदर्शन में दिनांक 19-20 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि को जिलेभर में व्यापक एवं प्रभावी कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया।
अभियान में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं 300 से अधिक पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। गश्त पर रवाना होने से पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं ब्रीफिंग प्रदान की गई। अभियान के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर पूरी रात अभियान की निगरानी करते हुए पुलिस टीमों का मार्गदर्शन किया।
अभियान के दौरान प्रमुख कार्यवाहियां
🔹 थाना लालघाटी द्वारा जिला बदर आरोपी अजहर पिता मुस्ताद खा उम्र 28 साल निवासी ज्योति नगर शाजापुर को बस स्टैंड शाजापुर से गिरफ्तार किया
🔹 48 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
🔹 102 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।
🔹 06 जिला बदर अपराधियों का सत्यापन एवं जांच की गई।
🔹 68 गुंडा बदमाशों एवं 94 निगरानीशुदा बदमाशों की सघन चेकिंग की गई।
🔹 01 फरार वारंटी को गिरफ्तार किया गया।
🔹 आबकारी अधिनियम के तहत 05 प्रकरण दर्ज किए गए।
🔹 35 होटल, लॉज, ढाबों एवं धर्मशालाओं की सघन जांच की गई।
🔹 बैंक, एटीएम एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता एवं निगरानी रखी गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने सक्रिय अपराधियों, जेल से रिहा हुए बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के निवास एवं संभावित ठिकानों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया। साथ ही उन्हें स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत गुंडा, निगरानीशुदा एवं हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के रिकॉर्ड का अद्यतन कर उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित की गई, जिससे अपराधों की प्रभावी रोकथाम एवं जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने कहा कि—
“शाजापुर पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। अपराधियों पर सतत निगरानी एवं उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।”






