// प्रेस नोट //

जिला शाजापुर
दिनांक : 06 अगस्त 2026

थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता

बीमा क्लेम पाने के लिए रची ट्रक चोरी की झूठी साजिश, फरियादी ही निकला आरोपी

पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस ने लगभग 60 लाख रुपये मूल्य के ट्रक (ट्राला) की कथित चोरी के मामले का खुलासा करते हुए फरियादी की झूठी कहानी का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि बीमा क्लेम प्राप्त करने के उद्देश्य से फरियादी ने स्वयं ट्रक बेचकर झूठी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

दिनांक 25.07.2026 को फरियादी अजहर उद्दीन पिता नईमुद्दीन, निवासी वक्फ नगर दादावाड़ी, कोटा (राजस्थान) अपने चालक विक्की वंजारा के साथ थाना कोतवाली शाजापुर उपस्थित हुआ तथा ट्रक (ट्राला) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 442/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री अजय मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक संतोष वाघेला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान सहायक उप निरीक्षक संजय सवनेर एवं प्रधान आरक्षक 529 अरविंद तिलावदिया को राजस्थान रवाना किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल बरवाल जोड़, शाजापुर से लेकर कोटा (राजस्थान) तक लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान ट्रक को कोटा (राजस्थान) में चिन्हित किया गया।

संदेह के आधार पर फरियादी से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने अपने ट्रक को भंगार व्यापारी को बेच दिया था तथा बीमा क्लेम प्राप्त करने के उद्देश्य से थाना कोतवाली शाजापुर में झूठी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने ट्रक को थाना तालेरा, जिला बूंदी (राजस्थान) क्षेत्र से बरामद कर जप्त किया तथा सुरक्षित थाना परिसर में खड़ा कराया। फरियादी अजहर उद्दीन एवं चालक विक्की वंजारा को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक संजय सवनेर, प्रधान आरक्षक 529 अरविंद तिलावदिया, प्रधान आरक्षक 625 दिनेश चौधरी, आरक्षक 67 रघुराज झाला, आरक्षक 154 दीपक यादव तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक विकास तिवारी, आरक्षक घनश्याम राजपूत, आरक्षक अनिल ,आरक्षक राजेश दांगी, रोहित बिलावलिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीम को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

keyboard_arrow_up
Skip to content