// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 26 अक्टूबर 2026
बेरछा पुलिस को मिली बड़ी सफलता
लूट के प्रकरण में फरार ₹10,000 का इनामी बदमाश गिरफ्तार, भीलसामी के जंगल से पकड़ा गया आरोपी
जिला शाजापुर के थाना बेरछा क्षेत्रांतर्गत ग्राम रंथभंवर में मोटरसाइकिल लूट के प्रकरण में फरार चल रहे ₹10,000 के इनामी आरोपी को बेरछा पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण
दिनांक 22 सितंबर 2026 को फरियादी रामप्रसाद निवासी ग्राम रंथभंवर ने थाना बेरछा पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात्रि करीब 7:30 बजे ग्राम रंथभंवर में सोसायटी के सामने ग्राम भीलसामी के दो व्यक्ति आए और उसे धक्का देकर उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक MP 42 MG 8392 छीनकर ले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बेरछा में अपराध क्रमांक 199/2026, धारा 309(4) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपी जितेन्द्र गुर्जर को पूर्व में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी है। प्रकरण में आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ धरम पिता होकमसिंह गुर्जर, निवासी ग्राम भीलसामी, घटना दिनांक से ही फरार चल रहा था। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक शाजापुर द्वारा ₹10,000 के इनाम की उद्घोषणा की गई थी।
पुलिस की कार्रवाई
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र तारणेकर एवं एसडीओपी डॉ. नागेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी बेरछा उप निरीक्षक अरविन्द सिंह तोमर द्वारा विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम को रवाना किया गया। टीम द्वारा दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को घेराबंदी कर आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ धरम गुर्जर पिता होकमसिंह गुर्जर, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम भीलसामी, थाना बेरछा, जिला शाजापुर को भीलसामी के जंगल से गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरविन्द सिंह तोमर, उप निरीक्षक सूरजभान सिंह ढिल्लन, प्रधान आरक्षक रामपाल सिंह राठौड़, प्रधान आरक्षक हेमेन्द्र सोलंकी, प्रधान आरक्षक इन्द्रजीत चौहान, प्रधान आरक्षक पिंकु यादव, आरक्षक कुमेर सिंह यादव, आरक्षक रूपसिंह यादव, आरक्षक दीपक साहू, आरक्षक गौरव शर्मा, आरक्षक अरुण सितपरा एवं आरक्षक राम भाटी की सराहनीय भूमिका रही।






