//प्रेस नोट//
थाना शुजालपुर मंडी
दिनांक 03.11.2026

अवैध रूप से एडवायजरी ऑफिस संचालित कर फर्जी सिम कार्ड एवं मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, थाना शुजालपुर मंडी पुलिस को मिली बड़ी सफलता।

थाना शुजालपुर मंडी पुलिस द्वारा अवैध रूप से एडवायजरी ऑफिस संचालित कर मोबाइल एवं फर्जी सिम कार्ड का दुरुपयोग करते हुए लोगों से धोखाधड़ी कर अवैध लाभ अर्जित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।

घटना का विवरण

दिनांक 23.10.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बंधन बैंक के पास जैन मंदिर रोड स्थित ऋषि जायसवाल के मकान में ऋषि जायसवाल स्वयं एवं कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ अवैध गतिविधियां संचालित कर रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक कमरे में कुछ युवक एवं युवतियां मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए मिले। पुलिस को देखकर वहां मौजूद तीन युवक अपने मोबाइल छिपाने का प्रयास करने लगे।

पूछताछ में उन्होंने अपने नाम ऋषि पिता रमेशचंद्र जायसवाल उम्र 35 वर्ष निवासी बंधन बैंक के पास जैन मंदिर रोड शुजालपुर मंडी, रोहन पिता भगवान सिंह परमार उम्र 22 वर्ष निवासी नांदासुरा तथा अभिषेक पिता दिनेश मेवाड़ा उम्र 23 वर्ष निवासी रानी बड़ोद, थाना अकोदिया बताया।

एडवायजरी ऑफिस की कार्यप्रणाली

पूछताछ में ऋषि जायसवाल ने स्वयं को ऑफिस का संचालक तथा रोहन परमार एवं अभिषेक मेवाड़ा को मैनेजर होना बताया। ऑफिस में कार्यरत कर्मचारियों के कथन लिए गए, जिनमें उन्होंने बताया कि वे वेतन के आधार पर उक्त एडवायजरी ऑफिस में काम करते थे।

तीनों आरोपियों द्वारा कर्मचारियों को मोबाइल नंबरों की सूची उपलब्ध कराई जाती थी। कर्मचारी उक्त नंबरों पर फोन लगाकर लोगों को शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए प्रेरित करते थे। निवेश पर होने वाले लाभ का 30 प्रतिशत कमीशन ऑफिस में देने की बात कही जाती थी। ग्राहकों से रुपये जमा कराने के लिए आरोपियों द्वारा कर्मचारियों को बारकोड उपलब्ध कराए जाते थे, जिन्हें कर्मचारी ग्राहकों को भेजते थे।

कर्मचारियों को फोन करने के लिए मोबाइल एवं सिम कार्ड भी ऋषि जायसवाल द्वारा उपलब्ध कराए जाते थे। इन सिम कार्डों के वास्तविक धारकों की जानकारी कर्मचारियों को नहीं दी जाती थी।

जब्ती एवं जांच में हुआ खुलासा

पुलिस द्वारा मौके से मोबाइल फोन एवं अन्य सामग्री की जांच करने पर विभिन्न बारकोड प्राप्त हुए। जब्त रजिस्टर का अवलोकन करने पर उसमें मोबाइल नंबरों की सूची, रुपयों का हिसाब-किताब, लाभ एवं हानि का विवरण दर्ज पाया गया।

मौके पर ऑफिस संचालन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। प्रथम दृष्टया आरोपियों द्वारा बिना वैध दस्तावेजों के एडवायजरी ऑफिस संचालित कर मोबाइल एवं सिम कार्ड का दुरुपयोग करते हुए लोगों के साथ धोखाधड़ी कर अवैध लाभ अर्जित करना पाया गया।

पंजीबद्ध अपराध

उक्त मामले में आरोपीगण ऋषि जायसवाल, रोहन परमार एवं अभिषेक मेवाड़ा के विरुद्ध धारा 318(4), 3(5) बीएनएस एवं धारा 66डी आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

आगे की जांच जारी

जांच में यह तथ्य सामने आया है कि जिन सिम कार्डों का उपयोग किया जा रहा था, वे किन व्यक्तियों के नाम पर दर्ज हैं तथा बारकोड किन बैंक खातों से संबंधित हैं, इसकी जानकारी प्राप्त की जा रही है। इस मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता होने की भी आशंका है। साथ ही अज्ञात बैंक खातों में भारी मात्रा में लेन-देन किए जाने की संभावना को देखते हुए पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक शिवकुमार यादव, थाना प्रभारी थाना शुजालपुर मंडी, उनि तेजप्रकाश बोहरे, सउनि गुलाबचन्द रायकर, प्रआर 158 आशीष वर्मा, प्रआर 223 बलराम यादव, आरक्षक 564 संजय परमार, आरक्षक 100 वीरेन्द्र सिंह, आरक्षक 121 मांगीलाल, आरक्षक 106 संदीप यादव, आरक्षक 177 रविकांत यादव, आरक्षक 176 अनिल यादव एवं मआर 479 अंजु तोमर की सराहनीय भूमिका रही।

keyboard_arrow_up
Skip to content