// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 15 सितम्बर 2026

गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर पुलिस अधिकारियों ने किया गणेश पंडालों का निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, वॉलंटियर्स एवं यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

गणेश चतुर्थी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए शाजापुर पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार आवश्यक तैयारियां एवं निरीक्षण किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय, उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्री अजय मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली श्री संतोष वाघेला, थाना प्रभारी लालघाटी श्री अर्जुन मुजाल्दे, यातायात प्रभारी श्रीमती मोनिका ठाकुर सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शहर के विभिन्न गणेश पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

इसके साथ ही थाना सुनेरा क्षेत्र में थाना प्रभारी श्री अंकित मुकाती के साथ सुनेरा व ग्राम पनवाड़ी एवं अन्य स्थानों पर लगाए गए गणेश पंडालों का भ्रमण कर निरीक्षण किया गया तथा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन, वॉलंटियर्स की तैनाती, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।

पुलिस अधिकारियों द्वारा पंडाल समितियों एवं वॉलंटियर्स से चर्चा कर पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पंडाल एवं आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने एवं आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराने के संबंध में भी समझाइश दी गई।

आयोजकों एवं वॉलंटियर्स को निर्देशित किया गया कि पंडाल में पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स मौजूद रहें, श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

इसके साथ ही विद्युत व्यवस्था, अस्थायी विद्युत कनेक्शन, आगजनी से बचाव, आपातकालीन मार्ग एवं अन्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

रात्रि गश्त अधि./कर्म. को लगातार पंडाल चेक करने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा रात्रि में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार गणेश पंडालों का भ्रमण एवं चेकिंग करने तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पंडालों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने, वॉलंटियर्स से समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया है।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पंडालों के आसपास वाहनों की पार्किंग, आवागमन एवं भीड़ वाले स्थानों का भी निरीक्षण किया गया। आयोजन समितियों एवं वॉलंटियर्स से यातायात व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने आयोजन समितियों एवं आमजन से अपील की कि गणेश चतुर्थी पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

शाजापुर पुलिस द्वारा गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content