-: प्रेस नोट :-
शाजापुर पुलिस
दिनांक 07.08.2026

थाना शुजालपुर मंडी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

साइबर ठगी के मामले में ₹5,53,983 की राशि होल्ड कराने में बड़ी सफलता

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शुजालपुर श्री निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 07.08.2026 को थाना शुजालपुर मंडी पर फरियादी योगेश्वर पिता रामेश्वर, उम्र 27 वर्ष, निवासी फ्रीगंज, शुजालपुर मंडी द्वारा उपस्थित होकर सूचना दी गई कि अज्ञात आरोपी ने उसका मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से ₹5,53,983 की साइबर ठगी कर ली है।

सूचना प्राप्त होते ही थाना शुजालपुर मंडी पुलिस द्वारा बिना विलंब त्वरित कार्रवाई करते हुए फरियादी से बैंक संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई तथा साइबर समन्वय के माध्यम से ठगी गई ₹5,53,983 की संपूर्ण राशि को प्रथम लेयर पर ही सफलतापूर्वक होल्ड कराया गया, जिससे पीड़ित को बड़ी राहत मिली।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना शुजालपुर मंडी में अपराध क्रमांक 253/2026 अंतर्गत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी शुजालपुर मंडी निरीक्षक शिवकुमार यादव, उप निरीक्षक तेजप्रकाश बोहरे एवं आरक्षक क्रमांक 290 प्रहलाद जाट की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

शाजापुर पुलिस की आमजन से अपील

यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो घबराएं नहीं। तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। साथ ही अपने नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल से तुरंत संपर्क करें। समय पर सूचना देने से ठगी गई राशि को होल्ड या वापस प्राप्त कराने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

शाजापुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना OTP, बैंक खाता, एटीएम/डेबिट कार्ड, CVV, UPI PIN, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। मोबाइल या बैंक खाते में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल बैंक एवं पुलिस को सूचित करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

keyboard_arrow_up
Skip to content