// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 06 नवम्बर 2026
धनतेरस के अवसर पर शाजापुर पुलिस की साइबर सेल की शानदार कार्रवाई
105 लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान, लगभग 16 लाख रुपये कीमत के 105 गुम मोबाइल फोन बरामद कर वास्तविक मालिकों को सौंपे।
शाजापुर। पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारणेकर के मार्गदर्शन में साइबर सेल शाजापुर द्वारा गुम मोबाइल फोन की तलाश एवं बरामदगी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में शाजापुर पुलिस की साइबर टीम एवं जिले के विभिन्न पुलिस थानों के संयुक्त प्रयासों से CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों एवं तकनीकी जानकारी का विश्लेषण कर कुल 105 गुम मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता प्राप्त की गई है। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये है।
शाजापुर पुलिस द्वारा CEIR पोर्टल पर प्राप्त गुम मोबाइल संबंधी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए साइबर सेल टीम एवं समस्त थानों के समन्वय से फरियादियों को उनके गुम मोबाइल वापस दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व में दिनांक 19 सितम्बर 2026 को भी साइबर सेल शाजापुर द्वारा लगभग 20 लाख रुपये कीमत के गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस कराए गए थे।
आज दिनांक 06 नवम्बर 2026 को धनतेरस के शुभ अवसर पर कंट्रोल रूम शाजापुर में पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा बरामद किए गए सभी 105 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वितरित किए गए। लंबे समय बाद अपने गुम मोबाइल वापस मिलने पर मोबाइल स्वामियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शाजापुर पुलिस एवं साइबर सेल टीम का आभार माना।
सराहनीय कार्य का विवरण
इस सराहनीय कार्य में साइबर सेल शाजापुर प्रभारी प्र.आर. विकास तिवारी, आरक्षक माखन चौधरी, आरक्षक राजेश दांगी, आरक्षक घनश्याम राजपूत, आरक्षक ललित चौहान, आरक्षक अनिल सक्सेना एवं सभी थानों के साइबर हेल्प डेस्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपील
शाजापुर पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि अपने मोबाइल फोन एवं उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डिजिटल जानकारी की सुरक्षा के प्रति सजग रहें। मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल संबंधित पुलिस थाने एवं CEIR पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाते अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान कॉल/मैसेज का जवाब देने एवं ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतें।
शाजापुर पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।





