// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 11 अक्टूबर 2026

नवरात्रि पर्व को लेकर शाजापुर पुलिस अलर्ट, निकाला फ्लैग मार्च एवं दुर्गा पंडालों का किया निरीक्षण

★ नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु पुलिस सतर्क ★

नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में शाजापुर पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस द्वारा शहर में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया गया तथा विभिन्न दुर्गा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए नवरात्रि पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने किया दुर्गा पंडालों का निरीक्षण

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारणेकर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती कीर्ति बघेल, एसडीएम शाजापुर मनीषा वास्केल, उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्री अजय मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली श्री संतोष वाघेला, एवं यातायात प्रभारी श्रीमती मोनिका ठाकुर, रक्षित निरीक्षक श्रीमती वंदना सिंह सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

सुरक्षा, सीसीटीवी एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन, वॉलंटियर्स की तैनाती, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने पंडाल समितियों एवं वॉलंटियर्स को सीसीटीवी कैमरे लगाने, रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही विद्युत व्यवस्था, आगजनी से बचाव, आपातकालीन मार्ग एवं अन्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की समझाइश दी गई।

रात्रि गश्त एवं नियमित चेकिंग के निर्देश

पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार दुर्गा पंडालों का भ्रमण एवं चेकिंग करने तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी भी समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।

शाजापुर पुलिस की आमजन से अपील

शाजापुर पुलिस द्वारा आमजन एवं आयोजन समितियों से अपील की गई है कि नवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

शाजापुर पुलिस द्वारा नवरात्रि पर्व के दौरान फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग, चेकिंग एवं सतत निगरानी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में माता रानी के दर्शन एवं धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित हो सकें।

 

 

 

 

keyboard_arrow_up
Skip to content