// प्रेस नोट //

जिला शाजापुर
दिनांक : 27 अगस्त 2026

पुलिस कंट्रोल रूम शाजापुर में पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने छात्राओं एवं पुलिस स्टाफ के साथ मनाया रक्षाबंधन पर्व

शाजापुर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पुलिस कंट्रोल रूम शाजापुर में पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा भवन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित कर पर्व मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान भवन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने छात्राओं को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर बच्चों एवं छात्राओं द्वारा नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी ली गई। बच्चों ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय, रक्षित निरीक्षक शाजापुर श्रीमती वंदना सिंह, थाना प्रभारी यातायात श्रीमती मोनिका ठाकुर, सूबेदार श्रीमती दीपिका डाबर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में भवन इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर श्री सुनील नागर, प्राचार्य श्री सचिन राठौर, शिक्षकगण एवं छात्राएं भी उपस्थित रहे।

साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु शाजापुर पुलिस की अपील

त्योहारों के दौरान ऑनलाइन खरीदारी, डिजिटल भुगतान एवं सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग को देखते हुए शाजापुर पुलिस द्वारा आमजन से साइबर ठगी से सतर्क एवं सावधान रहने की अपील की गई है।

साइबर फ्रॉड से बचने के लिए इन बातों का रखें विशेष ध्यान—

– किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN अथवा बैंक खाते से संबंधित कोई भी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
– अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही अनजान या संदिग्ध ऐप डाउनलोड करें।
– KYC अपडेट, बैंक खाता बंद होने, बिजली बिल, इनाम/लॉटरी या रिश्तेदार के नाम पर पैसे की मांग करने वाले फोन कॉल एवं मैसेज से सावधान रहें।
– किसी अनजान व्यक्ति को स्क्रीन शेयर या रिमोट एक्सेस ऐप के माध्यम से अपने मोबाइल का नियंत्रण न दें।
– UPI के माध्यम से पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN डालने की आवश्यकता नहीं होती। PIN डालने का अर्थ सामान्यतः भुगतान करना होता है।
– ऑनलाइन खरीदारी करते समय केवल विश्वसनीय वेबसाइट एवं अधिकृत ऐप का ही उपयोग करें।
– सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए फ्रेंड रिक्वेस्ट, वीडियो कॉल एवं संदिग्ध मैसेज से सावधान रहें।
– यदि साइबर ठगी का शिकार हो जाएं तो घबराएं नहीं। तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें तथा संबंधित बैंक को भी तुरंत सूचित करें।
– साइबर ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, ठगी की राशि को रोकने अथवा वापस प्राप्त करने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।

शाजापुर पुलिस द्वारा आमजन से रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, नशे से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

 

 

keyboard_arrow_up
Skip to content