// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 21 अक्टूबर 2026

पुलिस लाइन शाजापुर में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, शहीद परेड का हुआ आयोजन

आज दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन शाजापुर में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं शहीद परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का स्मरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर शाजापुर डॉ. परीक्षित संजय राव झाड़े , पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला, एडीएम काशीराम बडोले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारणेकर, एसडीएम सुश्री मनीषा वास्कले, होमगार्ड कमांडेंट श्री विक्रमसिंह मालवीय, एसडीओपी श्रीमती कीर्ति बघेल, डीएसपी महिला सेल श्री ब्रजेश मिश्रा, डीएसपी अजाक श्री अजय कुमार मिश्रा, रक्षित निरीक्षक शाजापुर श्रीमती वंदना सिंह एवं थाना प्रभारी कोतवाली श्री संतोष वाघेला, एवं स्थानीय थाना प्रभारी महोदय सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के एवं पुलिस लाइन के सभी अधिकारी-कर्मचारी तथा शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर विधिवत शहीद परेड आयोजित की गई। इस परेड का नेतृत्व परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र चौहान के द्वारा किया गया । परेड के माध्यम से देश की सुरक्षा एवं नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यपरायणता और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा दिवंगत शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शहीदों के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए उनके परिजनों के त्याग, धैर्य एवं समर्पण के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।

शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा

पुलिस स्मृति दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग एवं समर्पण पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को पूरी निष्ठा, साहस और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया तथा राष्ट्र एवं नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प दोहराया।

 

 

keyboard_arrow_up
Skip to content