प्रेस नोट

जिला शाजापुर
दिनांक : 30 जून 2026

पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्री यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में शाजापुर पुलिस की साइबर टीम एवं जिले के समस्त पुलिस थानों द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोनों की तलाश के लिए लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत कुल 179 गुमशुदा मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कुल कीमत लगभग ₹27 लाख है, सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए।

बरामद किए गए मोबाइल फोनों में से 117 मोबाइल फोन केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से ट्रेस कर बरामद किए गए, जबकि 62 मोबाइल फोन जिले के विभिन्न पुलिस थानों द्वारा सतत प्रयास एवं प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से बरामद किए गए।

शाजापुर पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायतों पर तकनीकी विश्लेषण एवं निरंतर प्रयास करते हुए विभिन्न जिलों एवं राज्यों से गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस किए गए। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए।

मोबाइल वापस मिलने पर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। उन्होंने शाजापुर पुलिस, साइबर टीम एवं संबंधित पुलिस थानों का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस के सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

CEIR पोर्टल पर तत्काल शिकायत का मिला सकारात्मक परिणाम

मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल पर समय पर शिकायत दर्ज कराने का लाभ भी इस अभियान में स्पष्ट रूप से देखने को मिला। थाना शुजालपुर में दिनांक 21 जून 2026 को लगभग ₹45,000 मूल्य का iPhone 13 गुम होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। साइबर टीम एवं थाना पुलिस के संयुक्त प्रयास से उक्त मोबाइल को महज 24 घंटे के भीतर ट्रेस कर बरामद किया गया तथा वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर आवेदक को वापस सौंप दिया गया।

यह उदाहरण दर्शाता है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल शीघ्र बरामद होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत ने कहा कि शाजापुर पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। तथा नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या साइबर अपराध होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल अथवा निकटतम पुलिस थाना में सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

आमजन को शाजापुर पुलिस द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने एवं डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने का संदेश भी दिया।

महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में साइबर सेल शाजापुर के प्रभारी प्र.आर. 641 विकास तिवारी, आरक्षक अनिल सक्सेना, राजेश दांगी, घनश्याम राजपूत एवं रोहित बिलावलिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शाजापुर पुलिस की अपील

✔ मोबाइल गुम होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
✔ किसी भी साइबर अपराध की सूचना तुरंत 1930 पर दें।
✔ किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल, ओटीपी या मैसेज पर विश्वास न करें।
✔ साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी के लिए अपने निकटतम पुलिस थाना या साइबर सेल से संपर्क करें।

keyboard_arrow_up
Skip to content