प्रेस नोट
जिला शाजापुर
दिनांक : 01 जुलाई 2026
शाजापुर साइबर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई
माह जून में साइबर ठगी के लगभग ₹10.65 लाख होल्ड, ₹3.91 लाख पीड़ितों को लौटाए, 49 मोबाइल नंबर एवं 95 IMEI नंबर ब्लॉक कराए
पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्री यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में शाजापुर साइबर पुलिस द्वारा माह जून 2026 के दौरान साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर साइबर ठगी के मामलों में लगभग ₹10 लाख 65 हजार की राशि विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराई गई। साथ ही न्यायालय के आदेश के उपरांत लगभग ₹3 लाख 91 हजार की राशि संबंधित पीड़ितों के बैंक खातों में सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
इसी अवधि में साइबर अपराधों में उपयोग किए जा रहे 49 मोबाइल नंबर एवं 95 IMEI नंबर भी नियमानुसार बंद (ब्लॉक) कराए गए, जिससे साइबर अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली।
शाजापुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम, अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई तथा पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। यह कार्रवाई साइबर अपराध से प्रभावित नागरिकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
शाजापुर पुलिस की आमजन से अपील
यदि आप किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि को होल्ड कर पीड़ित को वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
शाजापुर पुलिस की अपील — “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”





