// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 06 नवम्बर 2026
शेयर मार्केट की फर्जी एडवाइजरी के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
शुजालपुर मंडी थाना पुलिस की तत्पर एवं प्रभावी कार्रवाई, पूर्व में भी 03 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
शाजापुर। पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के कुशल नेतृत्व में जिले में धोखाधड़ी, गबन एवं अन्य आर्थिक अपराधों को गंभीरता से लेते हुए निरंतर सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारणेकर के मार्गदर्शन एवं SDOP शुजालपुर श्री निमेष देशमुख के पर्यवेक्षण में थाना शुजालपुर मंडी प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार यादव एवं उनकी टीम द्वारा शेयर मार्केट की फर्जी एडवाइजरी के माध्यम से लोगों से धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है।
घटना का विवरण
दिनांक 23.10.2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शेयर मार्केट एडवाइजरी ऑफिस का संचालन कर मोबाइल एवं सिम कार्ड का दुरुपयोग कर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर अवैध लाभ अर्जित करने के मामले में आरोपी ऋषि जायसवाल पिता रमेशचन्द्र जायसवाल उम्र 35 वर्ष निवासी पंजाबी मोहल्ला शुजालपुर मंडी, रोहन परमार पिता भगवान सिंह परमार उम्र 22 वर्ष निवासी नंदासुरा एवं अभिषेक मेवाड़ा पिता दिनेश मेवाड़ा उम्र 23 वर्ष निवासी रानी बड़ोद के विरुद्ध अपराध क्रमांक 390/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस एवं 66 डी आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
ऐसे करते थे धोखाधड़ी
अपराध की विवेचना के दौरान फर्जी सिम, बारकोड एवं उपयोग किए गए बैंक खातों की जानकारी प्राप्त की गई। प्राप्त जानकारी के आधार पर दिनेश पिता बद्रीलाल फकीरिया उम्र 37 वर्ष निवासी बंजीपुरा, शाजापुर सिटी, हाल मुकाम रायपुर रोड ईदगाह के पीछे से पूछताछ की गई।
पूछताछ में दिनेश ने बताया कि उसने अपने नाम की सिम एवं बैंक अकाउंट अवैध लाभ अर्जित करने के लिए ऋषि जायसवाल को किराये पर दे रखे थे। ऋषि जायसवाल द्वारा उक्त सिम का उपयोग लोगों को शेयर मार्केट की फर्जी एडवाइजरी देकर पैसे निवेश करवाने एवं अवैध लाभ अर्जित करने के लिए किया जाता था। बैंक खाते में आने वाली राशि में से कमीशन के रूप में कुछ राशि दिनेश को दी जाती थी।
इसी प्रकार अभिषेक पिता जयराम मालवीय उम्र 26 वर्ष निवासी कृष्णा नगर, शुजालपुर मंडी द्वारा स्वयं के नाम से सिम जारी करवाकर उसे अवैध लाभ अर्जित करने के लिए किराये पर शेयर मार्केट की फर्जी एडवाइजरी ऑफिस के संचालक ऋषि जायसवाल को देना बताया गया।
उक्त जानकारी के आधार पर अपराध क्रमांक 390/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस एवं 66 डी आईटी एक्ट में संलिप्तता पाए जाने पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सराहनीय कार्य का विवरण
थाना शुजालपुर मंडी पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक शिवकुमार यादव, थाना प्रभारी थाना शुजालपुर मंडी, उनि तेजप्रकाश बोहरे, प्रधान आरक्षक 223 बलराम यादव, आरक्षक 564 संजय परमार, आरक्षक 121 मांगीलाल लववंशी, आरक्षक 475 पवन परमार, आरक्षक 177 रविकांत यादव एवं आरक्षक 176 अनिल यादव की सराहनीय भूमिका रही।






