//प्रेस नोट//
जिला शाजापुर
दिनांक :13/11/2026

साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने ली ऑनलाइन बैठक
===============

आज दिनांक 13.11.2026 को पुलिस अधीक्षक जिला शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, समस्त थाना प्रभारियों एवं थाना स्तर पर कार्यरत साइबर हेल्प डेस्क के कर्मचारियों की ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई।

बैठक में वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों के संकलन एवं साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान निम्नलिखित पोर्टल एवं तकनीकी प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए—

1. Matrix 2.0 पोर्टल – साइबर अपराधों से संबंधित तकनीकी जानकारी एवं उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग।
2. Mule Account संबंधी पोर्टल – साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल बैंक खातों की पहचान एवं उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई।
3. MRM एवं GRM पोर्टल – संबंधित पोर्टलों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं साइबर अपराध नियंत्रण में उनके उपयोग के संबंध में जानकारी।
4. CEIR पोर्टल – गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक कराने तथा बरामद मोबाइल को अनब्लॉक कराने की प्रक्रिया।
5. NCRP पोर्टल – ऑनलाइन साइबर अपराध शिकायतों का परीक्षण, निगरानी एवं समय-सीमा में निराकरण।
6. TIPLINE एवं NCMEC – बच्चों के ऑनलाइन यौन शोषण एवं आपत्तिजनक सामग्री से संबंधित रिपोर्टों का परीक्षण तथा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई।
7. OCWC पोर्टल – संबंधित मामलों में उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं एवं कार्रवाई की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी।

पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी थाना प्रभारी एवं साइबर हेल्प डेस्क कर्मचारी उक्त पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं का गंभीरता से परीक्षण करें तथा प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।

साथ ही साइबर अपराधों में प्रयुक्त बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, सोशल मीडिया अकाउंट एवं अन्य डिजिटल माध्यमों की तकनीकी जानकारी का प्रभावी उपयोग करते हुए अपराधियों की पहचान एवं उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों को लंबित न रखा जाए तथा पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

शाजापुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित निराकरण एवं आमजन को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

keyboard_arrow_up
Skip to content