
साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” का शुभारंभ
साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक एवं सतर्क बनाने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस द्वारा आज बड़ा चौक, शाजापुर में “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शाजापुर द्वारा हरी झंडी दिखाकर साइबर जागरूकता रथ को जिलेभर में प्रचार-प्रसार हेतु रवाना किया गया। साथ ही नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए बाजार क्षेत्र में बैनर एवं पोस्टर भी लगाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक शाजापुर ने बताया कि विगत एक वर्ष में शाजापुर साइबर सेल द्वारा साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों की लगभग 1 करोड़ 16 लाख 70 हजार रुपये की राशि होल्ड कराई गई है। इसके अतिरिक्त 45 लाख 70 हजार रुपये की राशि पीड़ितों को वापस दिलाई जा चुकी है तथा लगभग 50 लाख रुपये की राशि वापसी की प्रक्रिया में है, जिसे शीघ्र ही संबंधित पीड़ितों को वापस करायी जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें तथा ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड अथवा अन्य बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्री घनश्याम मालवीय, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री अजय मिश्रा, रक्षित निरीक्षक श्रीमती वंदना सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली श्री संतोष वाघेला, थाना प्रभारी लालघाटी श्री अर्जुन सिंह मुजाल्दे, थाना प्रभारी अजाक श्री रामचंद्र नागर, पत्रकार बंधु एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
शाजापुर पुलिस की अपील
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — साइबर अपराध से बचाव ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।”





