// प्रेस नोट //
थाना सुनेरा, जिला शाजापुर
दिनांक : 09 अक्टूबर 2026

सुनेरा में घर के अंदर सो रही महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार

आरोपी से लगभग 3 लाख 40 हजार रुपये का मश्रुका जब्त, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

शाजापुर। पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने एवं फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सुनेरा क्षेत्र में घर में घुसकर सो रही महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने की घटना में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल लगभग 3 लाख 40 हजार रुपये का मश्रुका जब्त करने में सफलता प्राप्त की है। प्रकरण में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

घटना का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 17 सितंबर 2026 की रात्रि में थाना सुनेरा क्षेत्र के ग्राम सुनेरा में अज्ञात आरोपियों द्वारा एक घर के कमरे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। कमरे में सो रही महिला के गले से दो-तीन अज्ञात आरोपियों द्वारा मंगलसूत्र लूटकर ले जाया गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सुनेरा में अपराध क्रमांक 250/2026, धारा 309(4), 331(3) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

घटना के खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें गठित की गईं। अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी। पुलिस टीमों द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

आरोपी की गिरफ्तारी एवं मश्रुका जब्ती

दिनांक 08 अक्टूबर 2026 की रात्रि में पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल से बोलाई तरफ से शाजापुर की ओर जा रहा है, जिसके पास सोने का मंगलसूत्र है।

सूचना पर पुलिस टीम ने लाहोरी बर्डे रोड पर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम होकमसिंह पिता फूलसिंह कंजर, निवासी देवड़ा कंजर डेरा बताया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों पप्पू पिता बैजनाथ कंजर एवं पिंटू पिता विक्रम कंजर के साथ लगभग 20-25 दिन पूर्व ग्राम सुनेरा में एक घर में घुसकर महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने की घटना में शामिल होना बताया। आरोपी लूटा गया मंगलसूत्र बेचने के लिए इंदौर की ओर जा रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त लगभग 1 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की। इस प्रकार कुल लगभग 3 लाख 40 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय शाजापुर के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से अन्य अपराधों एवं फरार साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

फरार आरोपी

1. पप्पू पिता बैजनाथ कंजर, निवासी देवड़ा कंजर डेरा।

2. पिंटू पिता विक्रम कंजर, निवासी देवड़ा कंजर डेरा।

 

दोनों फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी होकमसिंह कंजर के विरुद्ध जिला शाजापुर के अन्य थानों में भी पूर्व में लूट के अपराध पंजीबद्ध हैं। आरोपीगण रात्रि में सुनसान मकानों की रेकी कर घरों में घुसकर चोरी एवं लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।

गठित टीम एवं वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन

उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शाजापुर श्रीमती कीर्ति बघेल एवं एसडीओपी बेरछा डॉ. नागेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीमों द्वारा की गई।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनेरा उनि. अंकित मुकाती एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी बेरछा निरीक्षक भरतसिंह किरार एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी मोहन बड़ोदिया निरीक्षक मनीषा शर्मा एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी मक्सी निरीक्षक मदन इवने एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी सलसलाई निरीक्षक जनकसिंह रावत एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी सुंदरसी निरीक्षक केसरबाई राजपूत एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी अकोदिया निरीक्षक संजयसिंह राजपूत एवं उनकी टीम, चौकी प्रभारी उकावता उनि. आर.सी. यादव एवं उनकी टीम तथा साइबर सेल शाजापुर के प्रभारी प्रधान आरक्षक विकास तिवारी एवं उनकी टीम की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आमजन से अपील

जिला पुलिस शाजापुर आमजन से अपील करती है कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है, जिसके तहत गांव-गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने घरों एवं आसपास सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, ताकि भविष्य में होने वाली आपराधिक घटनाओं को रोकने तथा अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने में पुलिस को सहायता मिल सके।

— जिला पुलिस शाजापुर

 

keyboard_arrow_up
Skip to content