// प्रेस नोट //
जिला शाजापुर
दिनांक : 17 सितम्बर 2026

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्टंट करते दिखे ट्रक चालक को सुनेरा पुलिस ने किया गिरफ्तार

शराब के नशे में हाईवे पर लहराते हुए वाहन चलाने पर कंटेनर जप्त

श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदया शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला, श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री घनश्याम मालवीय एवं श्रीमान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शाजापुर श्रीमती कीर्ति बघेल द्वारा हाईवे पर तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने तथा शराब के नशे में वाहन चलाकर स्टंटबाजी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया था। उक्त निर्देशों के पालन में पुलिस थाना सुनेरा द्वारा टीम गठित की गई थी।

विगत दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक ट्रक/कंटेनर चालक नेशनल हाईवे क्रमांक 52 एबी रोड पर वाहन से स्टंट करते हुए दिखाई दे रहा था। वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा उक्त वाहन एवं चालक की तलाश की जा रही थी।

इसी दौरान दिनांक 16-17 सितम्बर 2026 की रात्रि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि वही कंटेनर वाहन चालक नेशनल हाईवे 52 एबी रोड पर वाहन को लहराते हुए चला रहा है, जिससे कोई गंभीर दुर्घटना घटित हो सकती है। सूचना पर सुनेरा पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन का पीछा कर उसे रोका गया।

वाहन चालक से नाम-पता पूछने पर उसने अपना नाम वैभव सिंह पिता संजीव सिंह ठाकुर, उम्र 25 वर्ष, निवासी कन्नौज, उत्तर प्रदेश बताया। चालक अत्यधिक शराब के नशे में पाया गया। थाने की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच करने पर उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।

पुलिस द्वारा आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 281 बीएनएस एवं धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध कायम किया गया तथा कंटेनर क्रमांक HR 55 BE 9215 को जप्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया। आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में भी कार्रवाई कर उसे जेल भेजा गया। साथ ही आरोपी चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण हेतु आगामी कार्रवाई की जा रही है।

सराहनीय भूमिका

उनि अंकित मुकाति, प्रआर 297 देवेन्द्र सिंह, प्रआर 335 मोहन पटेल, आर 496 अखिलेश भंडारी, आर 417 ब्रजमोहन, आर 219 तेजपाल सिंह, आर 349 अरुण यादव, आर 427 राहुल, आर 353 गोविन्द, आर 365 सुनील राजपूत, आर 445 रुदेंद्र एवं चालक 758 शैलेन्द्र सिंह तोमर की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

जिला पुलिस शाजापुर आमजन से अपील करती है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा हाईवे एवं सार्वजनिक मार्गों पर स्टंटबाजी न करें। यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में वाहन चलाता है अथवा सड़क पर स्टंटबाजी करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

keyboard_arrow_up
Skip to content